अजमेर, 20 जुलाई। प्रशासन शहरों के संग अभियान के दौरान नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए परिवेदना निवारण प्रकोष्ठ स्थापित किए जाएंगे।
संभागीय आयुक्त श्री बी. एल. मेहरा ने बताया कि प्रशासन शहरों के संग अभियान के लिए संभाग के समस्त जिलों में परिवेदना निवारण प्रकोष्ठ स्थापित किए जाएंगे। राज्य सरकार प्रशासन शहरों के संग अभियान के माध्यम से अधिकतम व्यक्तियों को लाभान्वित करने की मंशा के साथ कार्य कर रही है। इसलिए 15 जुलाई से अभियान को नए सिरे से संपादित किया जा रहा है। अभियान में सरकार द्वारा दी गई छूटों एवं शिथिलताओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सरकार संकल्पबद्ध है।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान आवेदन के निस्तारण से असंतुष्ट आवेदकों की सुविधा के लिए परिवेदना निवारण प्रकोष्ठ स्थापित किए जाएंगे। यह प्रकोष्ठ संभाग के समस्त जिलों में स्थापित होंगे। प्रकोष्ठ के लिए एक प्रभारी को नियुक्त किया जाएगा। प्रभारी के मोबाईल एवं व्हाट्स एप नम्बर पर आवेदक अपनी परिवेदना दर्ज करा सकेंगे। नगरिय निकायों द्वारा भी अभियान के दौरान प्रकोष्ठ के सम्बन्ध में जनजागरूकता पैदा की जाएगी। प्रकोष्ठ में दर्ज प्रकरणों का निस्तारण एक सप्ताह में किया जाना आवश्यक है।