अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को देश में बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ हल्ला बोल प्रदर्शन किया। डाक बंगले से कांग्रेसियों ने निरवर्तमान शहर अध्यक्ष के नेतृत्व में रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर चेंबर के बाहर धरना दिया गया। कुछ देर चले धरने के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपनी गिरफ्तारी भी दी। जहां सिविल लाइंस थाना पुलिस ने पुलिस की बसों में सभी को बैठाकर थाने लेजाकर कुछ देर बाद छोड़ दिया।
अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के निरवर्तमान अध्यक्ष विजय जैन ने बताया कि जिस तरह देश में महंगाई बढ़ रही है, उससे हर वर्ग परेशान है। देश में त्राहि-त्राहि मची हुई है, लोगों के पास खाने के लिए रोटी तक नहीं है। इसके साथ ही जिस तरह देश में बेरोजगारी बढ़ रही है, लेकिन केंद्र सरकार सिर्फ बड़े-बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचा कर आम जनता के साथ भेदभाव कर रही है। जिसके खिलाफ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने एक मुहिम छेड़ी है और उस मुहिम को लेकर कांग्रेस देश भर में विरोध प्रदर्शन कर रही है। जिससे कि केंद्र सरकार सबक लें कि उन्होंने जो वादे किए थे वह उन्हें पूरा नहीं कर सिर्फ जनता को परेशान किया जा रहा है। इसे लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आव्हान पर शुक्रवार को अजमेर में भी हल्ला बोल प्रदर्शन किया गया।
कांग्रेसियों ने दी गिरफ्तारी
शहर कांग्रेस के नेतृत्व में शुक्रवार को हुए प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर अंशदीप के चेंबर के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कलेक्ट्रेट के बाहर खड़ी पुलिस की बसों में कांग्रेसियों ने बैठकर अपनी गिरफ्तारी भी दी। जहां सिविल लाइंस थाना पुलिस द्वारा सभी को थाने लेजाकर कुछ देर बाद छोड़ दिया गया।