Skip to content
The Desert Xpress
The Desert Xpress
  • होम
  • अजमेर
  • राजस्थान
  • देश
  • अजमेर उर्स
  • होम
  • अजमेर
  • राजस्थान
  • देश
  • अजमेर उर्स

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अजमेर दरगाह में दी हाजिरी, पुष्कर में की पूजा-अर्चना

December 6, 2022
/
Satish

अजमेर, 06 दिसम्बर। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री सुश्री ममता बनर्जी मंगलवार को अजमेर के दौरे पर रहीं। उन्होंने यहां विश्व प्रसिद्ध सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पर अकीदत के फूल पेश किए। उन्होंने तीर्थराज पुष्कर में भी पवित्र सरोवर एवं जगतपिता ब्रह्मा मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने देश में अमन-चैन और भाईचारे के लिए प्रार्थना की।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री सुश्री ममता बनर्जी मंगलवार को अजमेर पहुंची। अजमेर आगमन पर उनका जिला प्रशासन की ओर से स्वागत किया गया। जिला कलक्टर श्री अंश दीप और पुलिस अधीक्षक श्री चूनाराम जाट ने किशनगढ़ एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। इसके बाद सुश्री बनर्जी महान सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पहुंची। यहां उनका प्रशासन व खादिमों की ओर से स्वागत किया गया। उन्होंने आस्ताना शरीफ में चादर चढ़ा कर अकीदत के फूल पेश किए। उन्होंने यहां देश में अमन, चैन और भाईचारे की दुआ मांगी। सुश्री बनर्जी दरगाह दीवान श्री जैनुअल आबेदीन से उनके घर जाकर मिली।
दोपहर बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री सुश्री बनर्जी ने तीर्थराज पुष्कर में पवित्र सरोवर और विश्व के एकमात्र जगतपिता ब्रह्मा मंदिर में पूजा अर्चना की। उन्होंने यहां भी देश की खुशहाली की प्रार्थना की। पवित्र सरोवर पर वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच उन्होंने पुष्प अर्पित किए। ब्रह्मा मंदिर के गर्भगृह में भी पुजारियों ने उन्हें तिलक लगा कर आशीर्वाद दिया।
सुश्री ममता बनर्जी ने पवित्र पुष्कर सरोवर पर भी पूजा-अर्चना की। यहां पण्डितों ने विधि-विधान के साथ पूजा करवाई। ब्रह्म घाट पर स्थित हवन कुण्ड में प्रज्वलित अग्नि की पूजा करने के उपरांत सरोवर का अभिषेक किया। यहां मंत्रोचारण के साथ स्थानीय पण्डितों ने पूजा सम्पन्न करवाई। घाट पर उपस्थित साधु संतो का भी आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर कोलकाता नगरीय निकाय के मेयर एवं केबीनेट मंत्री श्री फिरहाद हकीम, दरगाह कमेटी के नाजिम श्री समी अहमद खान, सहायक नाजिम डॉ. मोहम्मद आदिल, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट भावना गर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विकास सागवान, प्रियंका रघुवंशी सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।


कार्यपालक मजिस्ट्रेटों ने संभाली व्यवस्था
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री मंगलवार को पुष्कर एवं अजमेर आगमन के दौरान कानून, शांति एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए नियुक्त कार्यपालक मजिस्ट्रेटों ने व्यवस्थाएं संभाली। उपजिला मजिस्ट्रेट किशनगढ़ श्री परसाराम ने किशनगढ़ एयरपोर्ट से अजमेर एवं वापसी, उपजिला मजिस्ट्रेट अजमेर श्री महावीर सिंह ने अजमेर क्षेत्र, उपजिला मजिस्ट्रेट पुष्कर श्री सुखराम पिण्डेल एवं तहसीलदार पुष्कर श्री संदीप कुमार ने पुष्कर क्षेत्र तथा जिला रसद अधिकारी श्री अरविंद शर्मा ने सर्किट हाउस में व्यवस्थाएं देखी।

Previous युवती को होटल में बंधक बनाकर पीटा,JLN अस्पताल में कराया भर्ती Next नागरिक सुरक्षा विभाग के 60 वें स्थापना दिवस के अवसर पर बचाव उपकरणों की प्रदर्शनी
© 2023 The Desert Xpress • Built with GeneratePress
  • होम
  • अजमेर
  • राजस्थान
  • देश
  • अजमेर उर्स