अजमेर, 26 अगस्त। महिला समानता दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन जवाहर रंगमंच में शुक्रवार को किया गया। इसमें राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।
संभागीय आयुक्त श्री बी.एल. मेहरा ने कहा कि महिलाओं व पुरूषों की समानता प्राचीन समय में सामान्य बात थी। मध्यकाल में परिस्थितियों के कारण अलग प्रकार से व्यवहार किया जाने लगा। इसके पश्चात समाज सुधार के कई आंदोलन हुए। इससे समाज में बदलाव आया। महिलाओं को बराबरी का दर्जा मिलना पुनः आरंभ हुआ।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को बराबर समझने से समाज का विकास होता है। राजस्थान में महिलाओं के प्रति समान बढ़ा है। यह अच्छी बात है। हमें बालिका के जन्म पर खुशी मनानी चाहिए। बालिका जन्मोत्सव को गाजे-बाजे के साथ मनाने से समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा। पालन पोषण में भी बराबरी रहनी चाहिए। इससे महिलाएं अत्याचार एवं उत्पीड़न मुक्त जीवन जी सकेगी। श्री मेहरा ने ये बातें महिला समानता दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम में कही। यह कार्यक्रम शुक्रवार को जवाहर रंगमंच में आयोजित हुआ था। इसे राज्य स्तरीय कार्यक्रम से भी जोड़ा गया। इसमें मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती ममता भूपेश, मुख्य सचिव श्रीमती उषा शर्मा एवं प्रमुख शासन सचिव श्रीमती अपर्णा अरोड़ा नेमहिलाओं के साथ संवाद किया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों को बैंकों द्वारा ऋण उपलब्ध कराया गया। भारतीय स्टेट बैंक द्वारा श्री गणेश राजीविका स्वयं सहायता समूह को 6 लाख, बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा प्रीति बाला सोनी को ड्रेस डिजाईनिंग स्वरोजगार के लिए 45 हजार तथा आईसीआईसीआई बैंक द्वारा जय भवानी राजीविका स्वयं सहायता समूह को जनरल स्टोर के लिए 2 लाख 40 हजार का ऋण वितरित किया गया। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित सामग्रियों के स्टॉल भी लगाए गए। उत्कृष्ट कार्य करने वाली 30 महिलाओं को समानित भी किया गया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में अजमेर से उत्कृष्ट पशु सखी के लिए सरोज कंवर एवं उत्कृष्ट स्वयं सहायता समूह के लिए मधु सेन को भी सम्मान प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में बड़ौदा आरसेटी स्वरोजगार विकास संस्थान द्वारा प्रशिक्षित स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के नवीन उत्पाद पी नट बटर का शुभारंभ किया गया। देवगनगर के सतगुरू स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित यह पी नट बटर आकर्षक पैकिंग में बिक्री के लिए उपलब्ध रहेगा। यह पुरी तरह से ऑरगेनिक है। इसकी हाई प्रोटीन कैलोरी उपभोक्ताओं के लिए वरदान सिद्ध होगी। इसका विपणन अजमेर को नई पहचान देगा। कार्यक्रम में डॉ. शारदा देवडा एवं श्रीमती मीना वर्मा के निर्देशन में सावित्री विद्यालय की बालिकाओं ने भारत की बेटी गीत पर सामुहिक नृत्य प्रस्तुत किया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक श्री प्रफुल्ल चन्द्र चौबीसा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर जिला कलक्टर श्री अंश दीप, अतिरिक्त जिला कलक्टर भावना गर्ग, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री हेमंत स्वरूप माथुर, सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी श्री सुरेश सिंधी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनुज पींगोलिया, महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक श्री सिकरा राम चोयल, महिला अधिकारिता विभाग के श्री राजेन्द्र चौधरी, सीडीपीओ श्रीमती विमलेश डेटानी, जिला परियोजना समन्वय डॉ. दिशी शर्मा उपस्थित रहे।